पीडीडीयू नगर। बाबा कीनाराम के 425वें जन्मोत्सव में रविवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि आज मेरा कार्यक्रम सोनभद्र में था लेकिन बाबा की ऐसी कृपा हुई कि वहां का कार्यक्रम स्थगित हो गया और मैं भटक कर यहां चला आया। बाबा का चमत्कार सब जानते हैं पर आज मेरे साथ बाबा ने चमत्कार कर दिया। बाबा आज भी सूक्ष्म दृष्टि से सबका संचालन कर रहे हैं।
बाबा कीनाराम के तीन दिवसीय जन्मोत्सव के पहले दिन रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का हेलीकॉप्टर शाम चार बजे रामगढ़ में उतरा। कीनाराम मठ के पीठाधीश्वर बाबा सिद्धार्थ गौतम राम ने उनका स्वागत किया। डमरू वादन से भी उनका अभिनंदन किया गया। सबसे पहले मुख्यमंत्री ने बाबा कीनाराम का दर्शन पूजन किया और आरती उतारकर आशीर्वाद लिया। इसके बाद जन्मस्थली पर चल रहे पर्यटन के विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को समय पर और गुणवत्ता के साथ काम पूरा कराने के निर्देश दिए। इसके बाद 4:10 बजे वह मठ परिसर में बने मंच पर पहुंचे। अघोर पीठ की महिला मंडल की अध्यक्ष रूबी सिंह और संयोजक अजीत सिंह ने भी उनका स्वागत किया। इस मौके पर पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय, राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह, साधना सिंह, विधायक सुशील सिंह, कैलाश खरवार, रमेश जायसवाल, सूर्य मणि त्रिपाठी, जिला पंचायत अध्यक्ष भीमानंद शर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष काशीनाथ सिंह आदि मौजूद थे।