लोगों में सहायता पुस्तिका का वितरण करते तहसीलदार गुलाब चंद्रा।
पूर्वांचल के जनपदों में मत प्रतिशत को और सुधारने की दिशा में निर्वाचन आयोग की कवायद जारी है। मतदाताओं को घर-घर जाकर जानकारी और सहायता पुस्तिका का वितरण किया जा रहा है। मत प्रतिशत बढ़ाने के अपने प्रयास के तहत रविवार को सदर तहसीलदार गुलाब चंद्रा के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम ने मुख्यालय पर मतदाताओं के बीच पुस्तिका का वितरण किया। भारत निर्वाचन आयोग की ओर से जारी जानकारी और सहायता पुस्तिका को मतदाताओं को देने के साथ ही उनके आठ मार्च को अपने-अपने नजदीकी पोलिंग बूथों पर पहुंचकर मतदान की अपील की गई। तहसीलदार ने बताया कि मतदान के लिए मतदाता पहचान पत्र होना ही पर्याप्त नहीं है। यह जरूरी है कि मतदाता सूची में आप का नाम दर्ज हो। मतदान से पूर्व अपने राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर दर्ज मतदाता सूची में अपना नाम जांचें। पैसा, शराब या अन्य प्रलोभन का वितरण एक अपराध है। देने और लेने वालों के विरुद्घ कार्रवाई हो सकती है। तहसीलदार ने लोगों को पुस्तिका का वितरण करते समय बताया कि इसका अध्ययन जरूर करें। इसमें मतदाताओं के लिए महत्वपूर्ण सूचनाएं हैं। साथ ही ईवीएम और वीवीपीपैट द्वारा कैसे मतदान करें, इसकी भी पूरी जानकारी अंकित है। बताया कि तहसील क्षेत्र में अब तक लगभग एक लाख पुस्तिकाओं का वितरण कराया जा चुका है। इस कार्य के लिए लेखपाल, अमीन और बीएलओ लगाए गए हैं। सभी को निर्देश दिया गया है कि घर-घर जाकर मतदाताओं को पुस्तिका का वितरण करें। इस दौरान अजीत सिंह, नीरज श्रीवास्तव, प्रभु तिवारी, पंकज, मोहन, दलसिंगार आदि रहे।