लौवारी गांव निवासी नंदकिशोर ने मंगलवार की देर रात नौगढ़ थाने में कस्बा स्थित एक अस्पताल संचालक पर अपनी पत्नी सुनीता कोल को बंधक बनाने का आरोप लगाया। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद प्रबंधक ने महिला को मुक्त किया।सुनीता ने बताया कि मंगलवार की शाम उसके पेट में दर्द और सांस लेने में तकलीफ होने लगी। उसके पति ने उसे कस्बा स्थित एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया। चिकित्सक ने नौ सौ रुपये जमा कराने के बाद उसका उपचार शुरू किया। तबीयत में सुधार होने पर नंदकिशोर उसे घर ले जाने लगा तो चिकित्सक ने उससे 14 हजार रुपये जमा करने को कहा। पति कहीं से पांच हजार रुपये उधार लेकर अस्पताल पहुंचा लेकिन चिकित्सक महिला को छोड़ने को तैयार नहीं था। उसके बाद पति ने नौगढ़ पुलिस से शिकायत की। पुलिस महिला को अस्पताल से लेकर आई और उसे सामुदायिक अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़ित ने अस्पताल प्रशासन के खिलाफ तहरीर दी है। थाना प्रभारी अतुल प्रजापति ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।