कमालपुर। धानापुर विकास खंड के मेंढ़ान गांव की दलित बस्ती में शनिवार की शाम बारिश के दौरान कच्चा घर गिर गया। इससे घर में रख गृहस्थी का सामान नष्ट हो गया। बस्ती के लोगों ने जिला प्रशासन से भुक्तभोगी की आर्थिक सहायता करने की मांग की है। बस्ती निवासी लालमनी देवी गांव में कच्ची मड़ईनुमा घर मे परिवार सहित रहती थीं। शनिवार की शाम हो रही बरसात के दौरान घर की एक दीवार गिर गई। दीवार गिरने की आवाज सुन परिजन आनन-फानन में घर से बाहर निकल गए। थोड़ी देर में ही पूरा घर भर-भराकर तेज आवाज से गिर गया। परिजनों की चीख-पुकार सुन ग्रामीण वहां जुट गए। घटना में घर में रखा अनाज, चारपाई, बिस्तर, बर्तन सहित सब सामान मलबे में दबकर नष्ट हो गया। लालमनी के परिवार में कुल आठ सदस्य हैं। ऐसे में उसके सामने परिवार के सदस्यों की परवरिश करने की समस्या क्षड़ी हो गई है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पीड़िता को आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग की है। संवाद