चंदौली। सकलडीहा ब्लाक के माधोपुर में छह करोड़ रुपये की लागत से अंतरराष्ट्रीय स्तर की आधुनिक नर्सरी (इंडो-इस्राइल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर वेजिटेबल) नवंबर तक बनकर तैयार हो जाएगा। दो मंजिला प्रशासनिक भवन की बुनियाद का काम पूरा कर लिया गया है। अगले साल रबी सीजन में यहां से सब्जियों के पौधे किसानों को मिलने लगेंगे। माधोपुर में बन रही आधुनिक नर्सरी से अगले साल रबी के सीजन में टमाटर, फूल गोभी, पात गोभी, प्याज समेत अन्य सब्जियों के पौध मिलने लगेंगे। नर्सरी के निर्माण कार्य जिस गति से चल रहा है, उसके हिसाब से अगले साल इसका काम पूरा कर लिया जाएगा। कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ लि. (यूपीआरएनएसएस) एक अधिकारी ने बताया कि भवन की मंजिल तक ढांचा खड़ा कर दिया जाएगा। अगली किस्त समय से मिल गई तो नवंबर तक प्रशासनिक भवन बनकर तैयार हो जाएगा। इसके बाद पाली और ग्रीन हाउस का निर्माण कर रबी के सीजन में सब्जियों की नर्सरी तैयार होने लगेगी। छह करोड़ में तैयार होने वाली नर्सरी में तीन करोड़ रुपये का सिविल कार्य किया जाएगा। इसमें किसानों के लिए प्रशिक्षण भवन, ठहरने के लिए अतिथि गृह समेत सुविधाएं विकसित की जाएंगी। छह में से करीब तीन करोड़ रुपये में तैयार होने वाले एक्सीलेंस सेंटर में रोग मुक्त संकर प्रजाति की दस लाख से अधिक सब्जियों के पौध तैयार किए जाएंगे। अत्याधुनिक तकनीकी के जरिए कई प्रकार से सब्जियों के बीज भी तैयार किया जाएगा। बीज और पौध किसानों को सस्ते कीमत पर उपलब्ध कराया जाएगा। केंद्र से किसानों को बीज के साथ ही प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।