टीचर्स सेल्फ केयर टीम (एसएससीटी) से जुड़े शिक्षकों ने सोमवार को मृत शिक्षिका प्रमिला कुमारी के परिजनों को 30 लाख रुपए की आर्थिक मदद की। मृत शिक्षका के परिजनों ने सभी को धन्यवाद दिया।
इस मौके पर एसएससीटी जिला संयोजक कन्हैयालाल गुप्ता ने बताया कि टीएससीटी ने अपने तीन दिवंगत शिक्षकों के नामिनी के खाते में सौ-सौ रुपये का आर्थिक सहयोग देकर मात्र दस दिन में इतनी अधिक रुपये की सहयोग राशि भेजकर इतिहास रच दिया। कहा कि सकलडीहा विकासखंड के उकनी वीरमराय प्राथमिक विद्यालय में तैनात शिक्षक प्रमिला कुमारी की बीते मई माह में हार्ट अटैक से निधन हो गया था। वहीं पीलीभीत के शिक्षक अजय कुमार गुप्ता और बरेली के शिक्षक देवरतन गंगवार का भी निधन हो गया है। इनके देहांत के बाद तीनों शिक्षकों के नामिनी के खातों में 30-30 लाख की सहयोग राशि भेजी गई। बताया कि टीएससीटी ने 26 जुलाई 2020 से अब तक अपने 95 शिक्षकों के परिवारों को मात्र 100 रुपये भेजकर 17 करोड़ 59 लाख रुपये की मदद कर चुकी है। बताया कि मानव संपदा पोर्टल पर शिक्षक का ईएचआरएमएस कोड, शिक्षक के नामिनी का विवरण और बैंक अकाउंट की डिटेल टीएससीटी के पोर्टल पर जारी किया जाता है। निर्धारित 10 दिन में सभी शिक्षक सहयोग राशि सीधे बैंक अकाउंट में भेजकर उसका विवरण पोर्टल पर अपलोड करते हैं। उन्होंने बताया कि बिखरने की कगार पर पहुंचने वाले परिवारों की मदद की जा रही है। इस मौके पर जिला प्रवक्ता देवंत मौर्या, नंद कुमार शर्मा, कमलेश साहनी, मृत्युंजय सिंह यादव, निठोहर सत्यार्थी, वीरेंद्र प्रताप यादव, धनंजय सिंह आदि मौजूद रहे।