पीडीडीयू नगर/पड़ाव। छठ महापर्व के चलते रविवार के दिन भी नगर और पड़ाव क्षेत्र में घंटों तक भीषण जाम लगा रहा। दो बजे से लेकर शाम पांच बजे तक चले जाम को छुड़ाने में पुलिस के पसीने छूट गए। छठ घाट की ओर निकले लोग घंटों तक जाम में फंसे रहे। व्यवस्था नहीं होने से लोगों ने गुस्सा जाहित करते हुए प्रशासन को जमकर कोसा। चंदौली का सबसे बड़े चौराहे पड़ाव पर दोपहर दो बजे से ही भीषण जाम लग गया। पीडीडीयू नगर, वाराणसी और रामनगर जाने वाले मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लगी रही। चौराहे पर मात्र दो पुलिसकर्मी तैनात थे। जिनके लाख प्रयास के बाद जाम घटने के बजाय बढ़ता ही जा रहा था। तीन बजे जब हजारों की संख्या में लोग छठ घाट के लिए निकले तो स्थिति और खराब हो गई। छठ पर जाने वाले लोग भी एक घंटे तक जाम में फंसे रहे। सूचना के बाद शाम करीब पांच बजे पहुंचे पुलिसकर्मियों ने एक तरफ के वाहनों को रोककर काफी मशक्कत के बाद जाम छुड़वाया। पड़ाव चौराहे से रामनगर जाने वाले मार्ग काफी संकरा है। इससे किसी भी विशेष अवसर पर वाहनों की कतार लग जाती है। यह जानते हुए थी पड़ाव चौराहे पर मात्र दो से तीन पुलिसकर्मियों को ही तैनात किया गया था। वहीं बैरिकेडिंग के बावजूद ऑटो चालक सड़क पर वाहन खड़े किए थे। देखते-देखते दोपहर दो बजे चारो तरफ से चौराहे पर वाहन खड़े हो गए। कोई टोकने वाला था नहीं इसलिए जिसको जहां से थोड़ी जगह मिली निकलना चाहा। आड़े-तिरछे वाहनों की वजह से भीषण जाम लग गया। बाद में पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचकर जाम समाप्त कराया। संवाद