सकलडीहा। कोरोना महामारी के दौरान अपनी जान जोखिम में डालकर लोगों की सेवा करने के दौरान आधा दर्जन से अधिक स्वास्थ्य कर्मी कोरोना पॉजटिव हो गए थे। रिपोर्ट के बाद सभी14 दिनों का अवकाश लेकर होम क्वारंटीन रहे। दोबारा काम पर लौटे तो पता चला कि सभी का 14 से 15 हजार रुपये मानदेय से काट दिया गया है। इससे आक्रोशित स्वास्थ्यकर्मियों ने बृहस्पतिवार को कार्य बहिष्कार कर हंगामा किया। सीएचसी अधीक्षक ने मानेदय कटौती समाप्त कराने का आश्वासन देकर टीकाकरण शुरू कराया। इस दौरान एक घंटे तक टीका लगवाने और जांच कराने वाले परेशान रहे। मानदेय में कटौती को लेकर क्षुब्ध स्वास्थ्य कर्मी कार्य बहिष्कार कर मानदेय कटौती वापस करने की मांग करते हुए हंगामा करने लगे। हंगामे की सूचना पर पहुंचे सीएचसी अधीक्षक डॉ. योगेंद्र दास ने मानदेय कटौती न होने का आश्वासन देते हुए टीकाकरण शुरू कराया। विरोध जताने वालों में धीरज सिंह, शिवेंद्र सिंह, शाहिद आलम अंसारी, संतोष राय, मनोज सिंह, वरूण सिंह, लालता, आराधना मौर्य, अंजली चौबे, रागिनी यादव, सोनम, उपेंद्र सिंह, चंद्रदीप कुशवाहा, प्रदीप, संध्या पटेल, प्रिंयका, रूचि सिंह, मीना, सरोज, अलका, नेहा शर्मा, विकास सिंह आदि शामिल रहे।