पीडीडीयू नगर। राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) वाराणसी की टीम ने पीडीडीयू जंक्शन से 2006.010 ग्राम सोने के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया। वह कमर पर सेलो टेप से सोना चिपकाकर पश्चिम बंगाल से आया था और वाराणसी जा रहा था। बरामद सोने की कीमत 1.47 करोड़ 44 हजार रुपए है। टीम ने बृहस्पतिवार को तस्कर को अदालत में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया। मुखबिर की सूचना पर बुधवार को रात साढ़े नौ बजे डीआरआई की टीम ने पीडीडीयू जंक्शन के प्लेटफार्म संख्या चार से एक व्यक्ति को पकड़ा। उसने अपना नाम प्रमोद महादेव मिसाल, निवासी पानवेगांव, सोलापुर, महाराष्ट्र बताया। टीम ने तलाशी ली तो उसकी कमर पर सेलो टेप से लपेटा गया दो किलो सोना बरामद हुआ। आरोपी प्रमोद ने बताया कि महाराष्ट्र के सोलापुर जिले के चोपड़ी सगोला निवासी सोमनाथ बाबर के कहने पर वह सोना लेकर वाराणसी जा रहा था। बताया कि पश्चिम बंगाल के करीमपुर, जिला नदिया में सोमनाथ की सोना गलाने की दुकान है। सोमनाथ ने मुझे पश्चिम बंगाल के वर्धमान में एक कमरा किराये पर लेकर मुझको दिया है। बताया कि मैं पिछले चार महीने में आठ बार सोने की डिलिवरी वाराणसी में कर चुका हूं। हर बार सोमनाथ करीमनगर से आकर वर्धमान में मुझे सोना देता है और मैं वहा से ट्रेन के जरिये वाराणसी आता हूं। इस काम के लिए मुझे हर महीने 10 हजार रुपये मिलते हैं। साथ ही सोमनाथ प्रत्येक डिलिवरी पर एक हजार रुपये अलग से देता है। प्रमोद ने बताया कि सोमनाथ बांग्लादेश से सोना मंगाता है। सोने के ऊपर की मार्किंग गलाकर मिटा दी जाती है। इसके बाद सोने के ऊपर सिलवर कोटिंग कर दी जाती है।