रविवार की शाम मौसम ने करवट बदली। तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई। नौगढ़ क्षेत्र के कई इलाकों में ओले भी गिरे। मौसम की मार से बची-खुची दलहनी और तिलहनी की फसल बर्बाद हो गई। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को भी मौसम इसी तरह रहेगा। रविवार की देर शाम जिले में कई जगहों पर तेज हवा के साथ हुई झमाझम बारिश ने तापमान को और नीचे कर दिया। पहाड़ी क्षेत्र नौगढ़ में बारिश के साथ ओले गिरने से किसानों की चिंता काफी बढ़ गई है। उनका कहना था कि पहले दो दौर की बारिश ने ही फसलों को काफी नुकसान पहुंचाया और अब ओले गिरने से फसल के बर्बाद हो गई। खलिहनों में काटकर रखी गई फसल भी बारिश से नम हो गई है। कंदवा इलाके में आंधी के साथ हल्की बारिश हुई।
-
तारों पर गिरा हाईमास्ट, आपूर्ति ठप
संवाद न्यूज एजेंसी
पीडीडीयू नगर। रविवार की देर शाम आई अंधी के दौरान काली महाल-सहजौर स्थित शम्मो माता मंदिर के समीप हाईमास्ट बिजली के तारों पर गिर गया। इससे तार टूट गए और चंदासी उपकेंद्र से जुड़े फीडर संख्या दो की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। कर्मचारियों ने तारों की मरम्मत कर दो घंटे बाद आपूर्ति बहाल की।
देर शाम तेज हवा के साथ बारिश शुरू हुई। इसी दौरान हाईमास्ट का खंभा टूट कर गिरा गया। उसकी चपेट में आकर बिजली के तार टूट गए। आंधी की पूर्व सूचना पर विद्युत आपूर्ति बंद कर दी गई थी। जैसे ही बिजलीकर्मी मरम्मत के लिए पहुंचे, बारिश होने लगी।इससे मरम्मत कार्य आरंभ करने में विलंब हुआ। बारिश रुकने के बाद कर्मियों ने तारों की मरम्मत कर आपूर्ति बहाल कर दी। इससे फीडर से जुड़े लोगों ने राहत की सांस ली। इस संबंध में अधिशासी अभियंता मनोज कुमार सिंह ने बताया कि तारों पर पोल गिरने की सूचना मिलते ही कर्मियों को मरम्मत का निर्देश दिया गया था। विभाग के एसडीओ व जेई ने मौके पर पहुंचकर मरम्मत कार्य कराया। आपूर्ति बहाल करा दी गई है।
पश्चिमी विक्षोभ व मध्य क्षोभमंडल में अरब सागर से आ रही नम हवाओं के कारण प्रदेश के दक्षिणी-पूर्वी भाग में थंडरस्टॉर्म के साथ तेज हवा व बारिश की संभावना है। सोमवार की शाम से मौसम साफ हो जाएगा व तापमान में क्रमिक वृद्धि आरंभ हो जाएगी। अतुल कुमार सिंह, प्रभारी, राज्य कृषि व मौसम केंद्र