बाराबंकी में सड़क दुर्घटना में मृत राहुल। फाइल फोटो
पीडीडीयू नगर। लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे पर हैदरगढ़ क्षेत्र में भिखरा गांव के पास हुई सड़क दुर्घटना में नगर के इस्टर्न बाजार निवासी राहुल कुमार (26) सहित चार लोगों की मौत हो गई। घटना की जानकारी के बाद मृतक के भाई और अन्य रिश्तेदार शव लेने के लिए बाराबंकी रवाना हो गए हैं। वहीं दूसरी तरफ परिवार में मातम छा गया है। मां, पत्नी और भाई का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। राहुल कुमार जिला अस्पताल में स्टाफ नर्स के रूप में कार्यरत थे। मोहल्लेवासियों के अनुसार राहुल हंसमुख और मिलनसार स्वभाव के थे। दर्शन के लिए निकलने से पहले उन लोगों ने गाड़ी में चंदौली स्थित एक पेट्रोल पंप से तेल भी भरवाया था। इस दौरान वहां मौजूद राहुल के भाई आशीष ने रात में कहीं रुकने की सलाह दी थी। राहुल कुमार के पिता संजय कुमार का पहले ही स्वर्गवास हो गया था। घर में मां मंजू देवी, पत्नी पूजा, पुत्री परी (6), पुत्र रूद्र (3) और दो भाई आशीष कुमार (23) व गोलू (21) साथ रहते हैं। भाई गोलू ने बताया कि साल 2016 में उसकी नौकरी जिला अस्पताल में स्टाफ नर्स के रूप में लगी थी। राहुल ड्यूटी का बहुत पक्का था। वह छुट्टी भी नहीं लेता था। राहुल अपने दोस्तों के साथ इनोवा कार से सोमवार की शाम को कैंचीधाम दर्शन के लिए निकला था। गोलू ने बताया कि रात में लगभग तीन बजे बाराबंकी से सबसे पहले भाभी पूजा के मोबाइल पर घटना के बाबत फोन आया। इसके बाद उन्होंने इसकी जानकारी दी। गोलू ने बताया कि एक बार विश्वास ही नहीं हुआ कि उसके भाई के साथ ऐसा हुआ है। ऐेसे में उसने भाई राहुल कुमार के मोबाइल पर फोन किया तो किसी पुलिसकर्मी ने फोन उठाया और घटना के बारे में बताते हुए उसकी मौत की सूचना दी। यह सुनते ही उसके पैराें के नीचे से जमीन खिसक गई। बताया कि इसके बाद उसने अपने भाई आशीष और मामा को घटना के बारे में बताया। बाद में परिवार के लोग शव लेने के लिए निकल गए। मां मंजू देवी अपने पुत्र राहुल को याद करके रो रही थी। वहीं, पत्नी पूजा का बुरा हाल था।