चंदौली। जिले के सदर, शहाबगंज और चहनिया समेत तीन विकास खंडों में बीते आठ साल में भूजल स्तर करीब दो मीटर तक नीचे चला गया है। इसके मद्देनजर अब इन ब्लॉकों में ग्राउंड वाटर रिचार्ज योजना लागू करने की तैयारी है। बृहस्पतिवार को सीडीओ की अध्यक्षता में भूगर्भ जल विभाग की समीक्षा बैठक में भूजल को नियंत्रित करने की रणनीति पर चर्चा की गई। मुख्य विकास अधिकारी एसएन श्रीवास्तव ने बताया कि सभी विकास खंडों के भू जल स्तर के बारे में तुलनात्मक जानकारी भूगर्भ विभाग से मांगी गई थी। विभाग के मुताबिक वर्ष 2016 से 2024 के बीच सदर विकास खंड में 1.95 मीटर, चहनिया में 1.08 मीटर और शहाबगंज में 1.62 मीटर की भू जल स्तर में गिरावट पाई गई है। रिपोर्ट को गंभीरता को देखते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने क्षेत्र में ग्राउंड वाटर रिचार्ज स्कीम लागू करने के लिए कहा है। इसके साथ ही उन्होंने गांवों एवं विद्यालयों में जल संरक्षण के कार्यक्रम आयोजित करने के लिए ताकि लोगों को जल सरंक्षण के लिए जागरूक किया जा सके।