नौगढ़। चकरघट्टा थाना क्षेत्र के नौगढ़-राबर्ट्सगंज मार्ग पर रविवार की रात मझगांवा पुल पर बस की चपेट में आने से बाइक सवार वृद्ध की मौत हो गई जबकि उसका पोता घायल हो गया। दोनों सोनभद्र से बोझ गांव आए थे। रात में घर लौटते समय हादसे का शिकार हो गए। पुलिस ने घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सोनभद्र जिले के पन्नूगंज थाना क्षेत्र के चरकोनिया निवासी राजनाथ (32) अपने दादा विफन (75) के साथ बाइक से बोझ गांव रिश्तेदारी में आए थे। रविवार की देर रात घर लौटते समय मझगांवा पुल के पास मोड़ पर सामने से आ रही बस ने उनकी बाइक पर टक्कर मार दी। हादसे में विफन की मौत हो गई जबकि राजनाथ गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद बस लेकर चालक भाग गया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल सोनभद्र भेज दिया। वहीं, घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगढ़ में भर्ती कराया गया। थानाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप ने बताया कि वृद्ध के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। वहीं, आरोपी बस चालक की तलाश की जा रही है।