ीडीडीयू नगर में तमिल यात्रियों को पुस्तक भेंट करती भाजपा कार्यकर्ता। संवाद
- फोटो : CHANDAULI
पीडीडीयू नगर। वाराणसी में चल रहे काशी तमिल संगमम में शामिल होने के बाद यात्रियों का चौथा और अंतिम जत्था शुक्रवार की देर रात पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन से चेन्नई के लिए रवाना हुआ। पाटलिपुत्र एसएमविटी बंगलुरू एक्सप्रेस में लगे विशेष कोच में यात्रियों को चढ़ाने के लिए भाजपा नेता और रेल व जिला प्रशासन के अधिकारी पहुंचे। केंद्रीय मंत्री की ओर से भाजपा नेताओं ने तमिल यात्रियों को स्मृति चिह्न के रूप में डायरी, पेन और अंगवस्त्रम प्रदान किया। इस दौरान हर हर महादेव के जयकारे लगते रहे।
शिक्षा विभाग की ओर से वाराणसी में 19 नवंबर से चल रहे काशी तमिल संगमम में शामिल होने 216 यात्रियों का चौथा समूह बुधवार की रात पहुंचा था। यहां तमिलों का भव्य स्वागत किया गया। संगमम में शामिल होने के बाद तमिलों का जत्था शुक्रवार की रात 12 बजे पाटलिपुत्र एक्सप्रेस से रवाना हुआ। तमिलों को विदाई देने के लिए अधिकारियों के साथ भाजपा नेता दस बजे ही स्टेशन पहुंच गए थे। वाराणसी से बसों से यात्रियों का समूह पीडीडीयू जंक्शन पहुंचा। यहां से प्लेटफार्म पर ट्रेन आने पर हर हर महादेव के जयकारे के बीच तमिलों को सवार किया गया। अपनी शानदार विदाई से तमिल अभिभूत नजर आए। इस दौरान सुरक्षा के लिए आरपीएफ और जीआरपी के अधिकारियों के साथ रेलवे और जिले के अधिकारी पहुुंचे थे।