नौगढ़। राज्यपाल आनंदी बेन पटेल बुधवार को दिन में 11 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगढ़ पर पहुंचेंगी। यहां कई कार्यक्रमों में शिरकत करेंगी। माध्यमिक विद्यालय अमदहां में आयोजित कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलपति और कई समाजसेवी आंगनबाड़ी केंद्रों को सुविधा संपन्न बनाने के लिए राज्यपाल के समक्ष गोद लेंगे। इससे पूर्व सीएचसी नौगढ़ में स्वास्थ्य मेले का उद्घाटन और 11 वनवासियों को वनाधिकार पट्टा वितरण के पश्चात सड़क मार्ग से चंद्रप्रभा वन्यजीव अभयारण्य का भ्रमण कर राजदरी जलप्रपात के डाक बंगले में लंच के बाद विश्राम करेंगी। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल अमदहां में बच्चों का अन्नप्राशन तथा गर्भवती महिलाओं की गोद भराई के बाद 10 चयनित लाभार्थियों को किड्स वितरण भी करेंगी। इसके बाद कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय मझगांई में वनवासी बालिकाओं से मुलाकात के बाद सोनभद्र के लिए रवाना हो जाएंगी। उनके आगमन को लेकर कार्यक्रम स्थल, हैलीपैड और पूरे परिसर को छावनी में तब्दील कर वहां चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात कर दी गई। राजभवन लखनऊ से आए सुरक्षा अधिकारियों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगढ़ तथा पूर्व माध्यमिक विद्यालय अमदहां को अपनी निगरानी में ले लिया। राज्यपाल को प्रदर्शनी का अवलोकन के पश्चात चंद्रकांता वन विश्राम में लंच करना था, लेकिन सड़क मे गड्ढे होने तथा सड़क खराब होने के कारण जिलाधिकारी को प्रोटोकॉल शेड्यूल बदलना पड़ा और उन्हें लंच के लिए राजदरी जलप्रपात पर कार्यक्रम निर्धारित करना पड़ा। राज्यपाल के सुरक्षा स्टाफ के साथ डीएम संजीव कुमार सिंह समेत अन्य अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल तक फ्लीट रिहर्सल किया। डीएम ने राज्यपाल के कार्यक्रम के तैयारियों की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि अन्नप्राशन और गोद भराई की रस्म के बाद महामहिम कुटीर उद्योगों से जुड़ीं स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं से मुलाकात करेंगी प्रशासन के अनुसार पंडाल मेें 1000 लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है।