शहाबगंज। ब्लॉक सभागार में मंगलवार को जिले के प्रभारी मंत्री संजीव कुमार गोंड ने प्रधानमंत्री आवास ग्रामीण योजना के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र दिया। वहीं, जिनके आवासों का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, उनको चाबी सौंपी।
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी का सपना है कि हर गरीब, असहाय और दिव्यांग के पास अपना पक्का घर हो। जो लोग आवास से वंचित हैं, उनका दोबारा सत्यापन कराकर पात्र लाभार्थियों का चयन किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास ग्रामीण योजना 2024-25 की लाभार्थी समसुन निशा, मनौउर, यासीन, अफसाना, जीरा, किताबुन समेत 19 लोगों को स्वीकृति पत्र दिया गया। इनके अलावा वित्तीय वर्ष 2023-24 के 49 लाभार्थियों को आवास की चाबी प्रभारी मंत्री ने सौंपी।
इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष छत्रबली सिंह, ब्लाॅक प्रमुख गीता देवी, भाजपा मंडल अध्यक्ष रिंकू विश्वकर्मा, सीडीओ सुरेंद्र नाथ श्रीवास्तव, बीडीओ दिनेश सिंह, एडीओ अजय कुमार सिंह और सुनील कुमार आदि मौजूद थे।