पीडीडीयू नगर। शक्ति उपासना का महापर्व चैत्र नवरात्र के दूसरे दिन मां ब्रह्मचारिणी की पूजा अर्चना हुई। घरों में विधि-विधान से पूजा कर दुर्गा सप्तसती का पाठ किया गया। वहीं देवी मंदिरों पर महिलाओं ने शाम के वक्त ढोल, झाल, हारमोनियम पर देवी गीत सुनाए और भजन कीर्तन किए। नगर के कैलाशपुरी, नई वस्ती, रविनगर, जीटी रोड, शाहकुटी, न्यू महाल, काली महाल, गल्ला मंडी, एलबीएस कटरा चतुर्भुजपुर, आरपीएफ कॉलोनी, गया कॉलोनी सहित विभिन्न इलाकों में देवी मंदिरों पर सुबह से ही दर्शन पूजन करने वालों की कतार लगी। भक्तों ने जयकारे के बीच मां की विधि-विधान से पूजा अर्चना की और अभीष्ट की कामना की। जागेश्वरनाथ धाम परिसर स्थित मां दुर्गा मंदिर, सिकंदरपुर स्थित मां कोट भवानी मंदिर, चकिया के ऐतिहासिक मां काली मंदिर, चौक झंडा माता मंदिर, पूर्वी बाजार दुर्गा मंदिर, मगरौर मंगला गौरी मंदिर, कालिका धाम कॉलोनी मां दुर्गा मंदिर, ठाकुर बाग स्थित राम जानकी मंदिर, वार्ड नंबर आठ स्थित शीतला मंदिर, वार्ड नंबर तीन शमशेर नगर संतोषी माता मंदिर सहित विभिन्न मंदिरों पर सुबह से भक्तों की भीड़ रही।