पीडीडीयू नगर। मुगलसराय कोतवाली पुलिस ने देह व्यापार के आरोप में दो युवकों और दो युवतियाें के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने सोमवार की रात मढि़या स्थित एक मकान से चारों को पकड़ा था। पुलिस के अनुसार आरोपी युवक बंगाल और बिहार की लड़कियों को बनारस के होटलों में भेजते थे।
मुगलसराय कोतवाल विजय बहादुर सिंह ने बताया कि मढि़या गांव में चोरी के मामले की जांच के दौरान पता चला कि किराये के एक एक मकान में कुछ लोग देह व्यापार करते हैं। सोमवार की रात छापा मारने पर उस मकान से दो युवक और दो युवतियां पकड़ी गई थीं। आरोपियों में सैफी निवासी दुलहीपुर और सोमेन निवासी ग्राम पूलवाड़ी थाना इंग्लिश बाजार, जिला मालदा, पश्चिम बंगाल का रहने वाला है। वहीं, दोनों युवतियां बिहार की रहने वाली हैं। उन्होंने बताया कि चारों को अदालत में पेश कर वहां से जेल भेज दिया गया। सूत्रों के अनुसार दोनों युवक बनारस के होटलों में युवतियों को भेजते थे। इसके लिए उन्हें अच्छा कमीशन मिलता था।