नगर पालिका की ओर से गेल को नगर में भूमिगत पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) पाइप लाइन बिछाये जाने की अनुमति दे दी गई है। इसके बाद से नगर में पाइप लाइन बिछाये जाने के कार्य में तेजी भी आई है। बैंक गांरटी के अभाव में नगर पालिका ने पाइप लाइन बिछाये जाने का कार्य रोक दिया था। नगर में अब तक लगभग चार किलोमीटर लंबी पाइप लाइन बिछायी जा चुकी है। लोगों को घरों में पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) आपूर्ति किये जाने के लिए पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर में भूमिगत तीस किलोमीटर लंबी पाइप लाइन बिछायी जानी है। पिछले दिनों गेल की ओर से बैंक गारंटी नहीं दिये जाने पर नगर पालिका द्वारा गेल पर कार्य को लेकर रोक लगा दी गई थी। बाद में गेल की ओर से सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई। फिर से नगर में पाइप लाइन बिछाये जाने का कार्य शुरू हो गया है। अब तक चार किलोमीटर लंबी पाइप लाइन बिछायी भी जा चुकी है। पाइप लाइन बिछाये जाने के दौरार खराब हो रही सड़कों की मरम्मत किये जाने की मांग भी लोगों ने गेल के उच्चाधिकारियों से की है। वहीं दूसरी तरफ नगर में लगभग डेढ़ हजार घरों में कनेक्शन भी लगा दिये गये है। गेल के डीजीएम कर्ण सिंह ने बताया कि पाइप लाइन बिछाये जाने का कार्य पूरा होने के बाद लोगों के घरों में कनेक्शन जोड़ दिये जाऐंगे।