टांडाकला गंगा घाट पर हो रहा निशुल्क नाव का संचालन। संवाद
- फोटो : CHANDAULI
पीडीडीयू नगर। केंद्रीय मंत्री और चंदौली सांसद डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय के हस्तक्षेप के बाद टांडाकला और कैथी गंगा घाट के बीच निशुल्क नौका संचालन की शुरूआत शनिवार से हो गई। इससे क्षेत्रीय लोगों ने राहत की सांस ली है। केंद्रीय मंत्री ने पीडब्लूडी निर्माण के एक्सईएन को मोबाइल से जल्द से जल्द पीपा पुल की शुरूआत करने का निर्देश भी दिया है। टांडा कैथी के बीच स्थित गंगा नदी पर बने पीपा पुल को 15 जून को तोड़ दिया गया है। इसके बाद लोक निर्माण विभाग की ओर से तीस अक्तूबर तक लोगों की सहुलियत के लिए निशुल्क नौका संचालन कराया गया। वहीं पीपा पुल का निर्माण हुए बिना विभाग की ओर से एक नवंबर से नौका संचालन बंद कर दिया गया। ऐसे में स्थानीय नाविक ओवरलोड चलने के साथ लोगों से मनमाना शुल्क वसूल रहे हैं। इसको लेकर आए दिन किचकिच हो रही थी। शिकायत के बाद शुक्रवार को सीओ राजेश राय ने मौके पर पहुंचकर किराया तय कराया। वहीं शाम को टांडाकला रामकिशुन सिंह ने चंदौली सांसद और केंद्रीय मंत्री से इसकी शिकायत कर दी। इस पर सांसद डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय ने पीडब्लूडी के एक्सईएन को पीपा पुल जल्द निर्माण कराने और पीपा पुल बनने तक निशुल्क नौका संचालन का निर्देश दिया। इस निर्देश के बाद शनिवार की सुबह से तीन बड़ी नावों को निशुल्क संचालन शुरू हो गया। क्षेत्र के चंदन जायसवाल, अमित पांडेय, अमित सिंह सोनू आदि ने इस पहल के लिए केंद्रीय मंत्री को धन्यवाद दिया है।