चंदौली। जिले में सड़क चौड़ीकरण के दौरान दो साल में चार हजार से अधिक पेड़ों की कटाई की गई लेकिन इसके बदले कार्यदायी संस्थाओं ने एक भी पौधा नहीं लगाया। इसका खामियाजा आमजन को भुगतना पड़ रहा है। वन विभाग के मुताबिक एक अप्रैल 2022 से मई 2023 तक नेशनल हाइवे के किनारे 4052 पेड़ और स्टेट हाइवे के किनारे से 281 पेड़ काटे गए। इसके बाद सड़कों के किनारे पौधरोपण नहीं कराया गया। वनाधिकारी दिलीप श्रीवास्तव ने बताया कि जिले में सड़क चौड़ीकरण के दौरान दो साल में 4333 पेड़ों की कटाई की गई है लेकिन इनके बदले एक भी पौधा नहीं लगाया गया। एक पेड़ काटने पर 10 पौधे लगाने का नियम है लेकिन कार्यदायी संस्थाएं और संबंधित विभाग इसका पालन नहीं कर रहे।