नियामताबाद। पं. दीनदयाल उपाध्याय नगर तहसील में पूर्व एसडीएम अनुपम मिश्र की अपने कार्यकाल के अंतिम दिनों में की गई बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई एक बार फिर सुर्खियों में है। उन्होंने भ्रष्टाचार, लेन-देन और अनियमितताओं की गंभीर शिकायतों पर कड़ा रुख अपनाते हुए करीब 18 आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को सेवा से हटा दिया था। मगर, उनके स्थानांतरण के महज 72 घंटे के भीतर हटाए गए कर्मचारियों को काम पर वापस बुला लिया गया। पूर्व एसडीएम की इस कार्रवाई को प्रशासनिक पारदर्शिता की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा था। इसी बीच 25 मई को एसडीएम अनुपम मिश्र का स्थानांतरण प्रयागराज हो गया और उन्होंने नए एसडीएम राजीव मोहन सक्सेना को कार्यभार सौंप दिया। इसके 72 घंटे के भीतर ही हटाए गए सभी आउटसोर्सिंग कर्मचारी अपनी सीटों पर वापस लौट आए और काम करने लगे। पूर्व एसडीएम के जाते ही इतनी जल्दी सभी दागी कर्मचारियों की बहाली को लेकर तहसील परिसर और क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।