नौगढ़। स्थानीय थाना के देवखत गांव में मंगलवार की सुबह मछली मारते समय कंधरा नाले में डूबने से पूर्व प्रधान रामसखी (65) की मौत हो गई। काफी तलाश के बाद प्रधान का शव मछली पकड़ने के लिए नाले में डाले गए जाल में फंसा मिला। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन परिवार वालों ने पोस्टमार्टम नहीं कराया। देवखत गांव निवासी राम सखी (65) मंगलवार को सुबह गांव से थोड़ी दूरी पर कर्मनाशा नदी से जुड़े कंधरा नाले में कुछ लोगों के साथ मछली मार रहा था। इसी दौरान अंसंतुलित होकर नाले में गिर गया। जब तक लोग कुछ समझते वह गहरे पानी में डूब गया। वहां मौजूद लोगों ने पानी में घुस कर काफी तलाश की लेकिन पता नहीं चला। राम सखी के डूबने की खबर परिवारवालों को हुई तो कोहराम मच गया। वे भागकर मौके पर पहुंचे। लोगों के सहयोग से राम सखी की दोबारा नाले में तलाश शुरू की गई। काफी तलाश के बाद राम सखी का शव मछली पकड़ने के लिए नाले में बिछाए गए जाल में फंसा मिला। सूचना पाकर पहुंची पुलिस को घर वालों ने शव को पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया। इधर पूर्व प्रधान के मौत की सूचना मिलने के बाद बस्ती और घर वालों के बीच कोहराम मच गया। उसकी पत्नी फुलवा चौखट पर ही गिर कर अचेत हो गई। मृतक के दो बेटे राम प्रसाद और राम अवतार तथा दो बेटियां चमेली और सुनीता है। थानाध्यक्ष विमलेश मौर्य ने बताया कि नाले में डूबने से पूर्व प्रधान की मौत हुई है।