नवीन मंडी समिति में आयोजित किसान पंचायत में शुक्रवार को किसानों ने सैयदराजा के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू से काले चावल की खरीद और भुगतान कराने का आग्रह किया। किसानों ने सपा नेता से कहा कि काला धान बेचने के बाद भी एफपीओ ने भुगतान नहीं किया है। 1200 क्विंटल काला धान मुख्यालय स्थित कृषि मंडी में पड़ा है। पूर्व विधायक ने एफपीओ से एक सप्ताह में किसानों के उपज का भुगतान और चावल की खरीद करने की मांग की। मांग पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। पंचायत के बाद सपा नेता ने सदर तहसीलदार अजीत कुमार सिंह को सौंपकर किसानों की मांग से अवगत कराया। कहा कि काला धान खेती जिले की पहचान है। किसानों ने उत्साह के साथ काला धान की खेती की। काला धान सिवान से कटकर खलिहान तो पहुंचा लेकिन इसकी खरीद नही हुई। इस दौरान वीरेंद्र प्रताप सिंह, संतोष उपाध्याय मौजूद रहे।