नौगढ़ के जंगल में लगी आग को बुझाते फायरकर्मी। स्रोत:-जागरूक पाठक
नौगढ़।
जयमोहनी रेंज के चोरमोरवा बिट में बुधवार को जंगल में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे इलाके को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे धुआं और लपटों के कारण वातावरण भयावह हो गया। ग्रामीणों ने तुरंत वन विभाग को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड को भी बुलाया गया। करीब दो से तीन घंटे बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और वन विभाग के कर्मचारियों के साथ मिलकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। रेंजर अमित श्रीवास्तव ने बताया कि आग अज्ञात कारणों से लगी है। सूचना मिलते ही वन दरोगा सोमेश प्रथम, वनरक्षक प्रेम कुमार, चंद्रशेखर और प्रमोद यादव मौके पर पहुंच गए थे। फायर ब्रिगेड की टीम के सहयोग से संयुक्त प्रयास में आग को नियंत्रित किया गया। फिलहाल, आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।