चकिया। स्थानीय कोतवाली में अलग अलग स्थानों पर सड़क दुर्घटनाओं में पांच लोग जख्मी हो गए। नगर के निर्भयदास के पास ई रिक्शा पलटने से चार लोग घायल हो गए। वहीं चकिया नौगढ़ मार्ग पर ट्रक के धक्के से अधेड़ जख्मी हो गया। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। नगर के निर्भयदास के पास शुक्रवार को ई-रिक्शा पलटने से उसमें सवार चार लोग घायल हो गए। सवारियों से भरी ई-रिक्शा मूसाखाड़ जा रही थी। इसी दौरान निर्भयदास के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। ई-रिक्शा पलटने से उसमें सवार मलहर गांव निवासी रुचि (17), अल्का (18), मुबारकपुर की सत्यभामा (17) और पीतपुर निवासी निर्मला (65) घायल हो गई। घायलों का इलाज चकिया जिला संयुक्त चिकित्सालय में कराया गया। इसी तरह चकिया-नौगढ़ मार्ग पर ट्रक की चपेट में आने से चकरघट्टा थाना क्षेत्र के मझगांवा निवासी चुल्लई प्रसाद (48) शुक्रवार को गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने एंबुलेंस 108 की मदद से घायल को स्थानीय जिला संयुक्त चिकित्सालय ले आए। यहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने वाराणसी के ट्रामा सेंटर को रेफर कर दिया।