कंदवा। क्षेत्र के असना गांव के दक्षिण तरफ सिवान में बृहस्पतिवार की दोपहर तीन बजे रेपर से निकली चिंगारी से गोपाल सिंह के गेहूं की ठूंठ में आग लग गई। इससे पांच एकड़ गेहूं की ठूंठ जलकर राख हो गई। सिवान में मौजूद लोगों के शोर मचाने पर मौके पर पहुंचे आस पास के ग्रामीणों ने अथक प्रयास कर आग को आगे बढ़ने से रोका। इससे आस पास के खेतों में लगी गेंहूं की फसल जलने से बच गई। सूचना पर फायर बिग्रेड की टीम मौके पर पहुंची लेकिन तब तक आग बूझ चुकी थी। क्षेत्र के असना गांव के किसान गोपाल सिंह के खेत में भूसा बनाने वाली मशीन रेपर चल रही थी। अचानक रेपर से निकली चिंगारी से खेत में अचानक आग लग गई। इससे गेहूं की ठूंठ धूं - धूं करके जलने लगी। आग की उठती लपटों को देखकर जब तक आस-पास के ग्रामीण मौके पर पहुंचते और आग पर काबू पाते तब तक पांच एकड़ गेहूं की ठूंठ जलकर राख हो गई। मौके पर जुटे लोगों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया अन्यथा अगल बगल के खेतों में खड़ी गेंहूं की फसल भी आग की भेंट चढ़ जाती। इस दौरान भूंसा वाली ट्राली में आग लग गई। इससे ट्राली जल गई। सूचना के बाद फायर बिग्रेड की गाड़ी मौके पर पहुंची लेकिन तब तक आग बुझ चुकी थी।