ताराजीवनपुर। अलीनगर थाना क्षेत्र के घोडसार (सदलपुरा) गांव स्थित तालाब में अराजकतत्वों द्वारा जहरीली दवा डाल देने से लगभग तीन लाख रुपये की मछलियां मर गईं। इस संबंध में भुक्तभोगी ने ताराजीवनपुर पुलिस चौकी पर तहरीर देकर मामले की जांच कराने की मांग की है।
गांव निवासी रमाशंकर को 10 वर्ष के लिए गांव सभा के तालाब पट्टा हुआ है। उसने विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी मछली पालन किया है। उसका आरोप है कि शनिवार को तालाब में अराजक तत्वों द्वारा जहर डालने से मछलियां मरने लगीं। उसने मछलियों को बचाने का काफी प्रयास किया लेकिन लगभग तीन लाख रुपये की मछलियां मर गईं हैं। चौकी प्रभारी प्रदीप मिश्रा ने बताया कि तहरीर पर मामले की जांच की जा रही है। शीघ्र ही खुलासा कर दिया जाएगा। संवाद