कंदवा। थाना क्षेत्र के असना गांव स्थित एक कालीन व्यवसायी के गोदाम में मंगलवार की देर रात अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने अथक परिश्रम कर आग पर काबू पाया। व्यवसायी ने आग से करीब 30 लाख रुपए का नुकसान होने की संभावना जताई है। असना गांव निवासी अनिल गुप्ता की कालीन व दरी बनाने की कंपनी है जिसमें 40 मशीनों से कालीन व दरी बनाने का कार्य किया जाता है। मंगलवार की देर रात नौ बजे गोदाम से धुंआ उठता देखा तो लोग सकते में आ गए और घटना स्थल की ओर दौड़ पड़े। लोग इसकी सूचना अनिल गुप्ता को देने के साथ आग बुझाने के प्रयास में जुट गए लेकिन जब तक वे आग पर काबू पाते तब तक भारी मात्रा में मलाई, डोरी, अन्य कच्चा माल और तीन मशीनें आग की भेंट चढ़ चुकी थीं। व्यवसाई ने अगलगी में करीब 30 लाख रुपए का नुकसान होना बताया है। वहीं आग लगने से देर रात तक गांव में अफरा-तफरी मची रही।