पीडीडीयू नगर। अग्नि सुरक्षा सप्ताह के तहत शुक्रवार को अग्नि शमन विभाग की ओर से जिले के विभिन्न गेस्ट हाउस, होटलों और प्रतिष्ठानों की जांच की गई। इसके साथ ही यहां के कर्मियों को आग से बचाव के तरीके के बारे में प्रशिक्षित किया गया। इस दौरान आग के प्रकार, आग से बचाव के लिए किए जाने वाले उपाय और आग लगने पर उसे किस तरह बुझाएं इसके बारे में जानकारी दी गई। एसपी के निर्देश पर मुख्य अग्निशमन अधिकारी सुभाष सिंह की देख रेख में जिले में अग्नि सुरक्षा सप्ताह मनाया जा रहा है। इसके तहत शुक्रवार को जांच और जागरूकता अभियान चलाया गया। अग्नि शमन विभाग की टीम ने चंदौली और पं. दीनदयाल उपाध्याय नगर के होटल स्टेशन व्यू, गुप्ता गेस्ट हाउस, अन्नपूर्णा गेस्ट हाउस, जयसवाल गेस्ट हाउस, आशियाना होटल, मनमोहन गेस्ट हाउस, वसंत होटल, राज होटल, पंजाब होटल और लाज, अग्रवाल गेस्ट हाउस, सरस्वती होटल, होटल स्प्रिंग स्काई, होटल सनसाइन, आइपी मुगलमाल तथा इंडियन एयर गैसेज लिमिटेड आदि प्रतिष्ठानों पर पहुंच कर यहां के अग्निशमन उपकरणों की जांच की। इस दौरान उपकरणों को चलाकर देखा, वहीं पानी की उपलब्धता आदि की जांच की। इस दौरान हैंडबिल और पोस्टर वितरित कर आग से बचाव के बारे में जागरूक किया। वहीं होटलों और प्रतिष्ठानों के कर्मियों को अग्नि शमन उपकरणों को चलाने, आग लगने पर उससे बचाव आदि के बारे में प्रशिक्षित किया गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी सुभाष सिंह ने बताया कि अभियान लगातार चलाया जाएगा।