सकलडीहा। कोतवाली क्षेत्र के नईबाजार स्थित परिषदीय स्कूल के समीप संचालित दोना-पत्तल की फैक्ट्री में बृहस्पतिवार की दोपहर शार्ट सर्किट से आग लग गई। इससे थोड़ी ही देर में गोदाम में रखा दोना-पत्तल धू-धूकर जलने लगा। फैक्ट्री में काम कर रहे मजदूरों और ग्रामीणोंकी सूचना पर पहुंची फायर बिग्रेड की टीम ने घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सूचना पर एसडीएम मनोज पाठक सीओ राजेश कुमार राय व भाजपा नेता सूर्यमुनी तिवारी भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने भुक्तभोगी व्यापारी को हर संभव मदद का भरोसा दिया। व्यापारी के अनुसार अगलगी से करीब 12 लाख का दोना पत्तल जलकर खाक हो गया है। नईबाजार में टुनटुन प्रसाद केशरी की वर्षो पुरानी दोना-पत्तल की फैक्ट्री संचालित है। यहां दोना पत्तल मजदूरों द्वारा तैयार कर थोक व फुटकर बेचा जाता है। गोदाम के ठीक सामने परिषदीय स्कूल संचालित है। दोपहर के करीब डेढ़ बजे बिजली की शार्ट सर्किट से गोदाम में आग लग गई। थोडी ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और फैक्ट्री में रखे दोना-पत्तल धू-धूकर जलने लगे। फैक्ट्री में काम करे मजदूरों और आसपास के लोगों ने इसकी सूचना फायर विभाग व पुलिस व अन्य अधिकारियों को दी। सूचना पर पहुंची फायर विभाग की टीम जब तक आग पर काबू पाती, तब तक फैक्ट्री में रखा सारा दोना-पत्तल जलकर खाक हो गया। अगलगी के दौरान काफी संख्या में लोगों की भीड़ जुटी रही। सूचना पर पहुंचे एसडीएम और सीओ सहित भाजपा नेता सूर्यमुनी तिवारी ने व्यापारी के प्रति संवेदना जताते हुए हर संभव सहयोग का भरोसा दिया।