पीडीडीयू नगर। पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन के पूर्व जीटीआर ब्रिज के नीचे मानसरोवर पोखरे के पास सोमवार की शाम मालगाड़ी में लदे कोयला में आग लग गई। इससे रेलकर्मियों में हड़कंप मच गया। सूचना पाकर पहुंची अग्नि शमन विभाग की टीम ने एक घंटे तक प्रयास कर आग बुझाई। इसके बाद ट्रेन आगे के लिए रवाना हुई।
डेहरी आन सोन की तरफ से काेयला लेकर मालगाड़ी पीडीडीयू नगर पहुंची थी। डीएफसीसी लाइन से होते हुए मालगाड़ी आगे जा रही थी। इसी बीच सोमवार की शाम लगभग चार बजे जीटीआर ब्रिज के पहले मालगाड़ी के एक कोच से धुआं निकलने लगा। कोयला में आग लगने और धूूंआ निकलता देख चालक और ट्रेन मैनेजर ने इसकी सूचना कंट्रोल को दी। इस दौरान ट्रेन को वहीं खड़ी कर दिया गया। कंट्रोल की सूचना पर फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। लगभग एक घंटे के प्रयास के बाद आग को पूरी तरह बुझा दिया गया। इसके बाद मालगाड़ी को आगे के लिए रवाना किया गया। टीम में फायर मैन उत्तम यादव, सिकंदर गिरी, आशीष, सुरेश सिंह, मनोज सिंह, चालक अनिल आदि शामिल रहे।