चकिया/शिकारगंज। काशी वन्यजीव प्रभाग के चकिया रेंज अंतर्गत बैरा व सपही जंगल में सोमवार को आग लग गई। सूखे पत्तों के जरिए लगी आग से लगभग तीन हेक्टेयर वन को क्षति पहुंची है।
सोमवार को वन क्षेत्र के जंगल में तेज लपटों के साथ लगी आग से आसपास की बस्तियों के निवासियों में अफरातफरी मच गई। जंगल की झाड़ियों में लगी आग ने देखते ही देखते तेज हवाओं के कारण विकराल रूप धारण कर लिया। इससे पेड़ पौधे जद में आ गए। सूचना मिलते ही वन क्षेत्राधिकारी अश्वनी चौबे के निर्देश पर वन कर्मी तुरंत माैके पर पहुंच गए। वन कर्मियों ने फायर लाइन बनाकर आग को बढ़ने से रोकने की योजना बनाई। उप वन क्षेत्राधिकारी आनंद दुबे, वन दरोगा राम अशीष, वनरक्षक प्रेम सिंह, जसवंत सिंह ने ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पा लिया। तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।