शिकारगंज। क्षेत्र के बलिया खुर्द गांव के पास चकिया-अहरौरा मार्ग पर सड़क किनारे खड़े ट्रक में बुधवार की रात आग लग गई। आग से ट्रक में रखा छोटा गैस सिलिंडर फट गया। तेज धमाका होने से गांव में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने पानी और बालू डालकर जब तक आग पर काबू पाया, तब तक ट्रक का केबिन पूरी तरह से जल चुका था। बिहार के मोहनिया थाना क्षेत्र के लोटपुरवा गांव निवासी अमित कुमार सिंह का ट्रक बलिया खुर्द गांव निवासी अमरजीत यादव उर्फ होरिक चलाता है। बुधवार की शाम चालक ने अपने गांव बलिया खुर्द में सड़क किनारे खड़ा कर दिया था। रात में ट्रक में आग लग गई और तेज लपटें निकलने लगीं। कुछ देर बाद ट्रक में रखा गैस सिलिंडर तेज धमाके के साथ फट गया, जिससे अफरातफरी मच गई। घटना को कुछ दिन पहले क्षेत्र में युवक की हत्या के मामले से भी जोड़कर देखा जा रहा है। चकिया कोतवाल अतुल प्रजापति ने कहा कि बलिया खुर्द गांव में खड़े ट्रक में आग लगने की घटना की जांच की जा रही है।