पीडीडीयू नगर। रेलवे की ओर से स्टेशन पर गंदगी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। ऐसे में यदि ट्रेन में अथवा रेलवे स्टेशन पर गंदगी फैलाते मिले तो जुर्माना वसूला जा सकता है। पूर्व मध्य रेलवे के पांच मंडलों में इस वर्ष छह माह में गंदगी फैलाते हुए 2094 यात्री पकड़े गये तथा उनसे जुर्माने के रूप में 4.99 लाख रुपये वसूल किये गए हैं।
रेलवे स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं के साथ साफ-सफाई पर विशेष जोर दिया जा रहा है। रेलवे की ओर से लगातार यात्रियों को गंदगी न फैलाने के लिए जागरूक किया जा रहा है। 16 सितंबर से दो अक्तूबर तक रेलवे की ओर से स्वच्छता पखवाड़ा भी चलाया गया। इस दौरान भी स्टेशन पर साफ सफाई पर विशेष जोर दिया गया था। इसके साथ ही लगातार गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी की जा रही है। पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी वीरेंद्र कुमार ने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष के अप्रैल से सितंबर तक कुल 2094 यात्रियों को ट्रेनों एवं स्टेशन परिसर में गंदगी फैलाते हुए पकड़ा गया तथा उनसे जुर्माने के रूप में 04.99 लाख 700 रुपये वसूल किए गए। सिर्फ सितंबर माह में पूर्व मध्य रेल की ओर से ट्रेनों एवं स्टेशन परिसर में गंदगी फैलाते हुए 353 यात्रियों को पकड़ा गया। उनसे जुर्माने के रूप में 77 हजार 400 रुपये वसूल किए गए।