पीडीडीयू नगर। लोक आस्था का महा पर्व डाला छठ के बाद यात्रियों की भीड़ को देखते हुए पटना और नई दिल्ली के बीच नई दिल्ली-दानापुर फेस्टिवल स्पेशल राजधानी चलाने का निर्णय लिया गया है। पूर्व मध्य रेलवे की ओर से स्पेशल राजधानी चलाने से यात्रियों को सहूलियत होगी। पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी वीरेंद्र कुमार ने बताया कि डाला छठ के बाद यात्रियों की सुविधा के लिए कई स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है। इसी कड़ी में पटना और नई दिल्ली के बीच दिल्ली दानापुर फेस्टिवल स्पेशल राजधानी एक्सप्रेस चलाया जा रहा है। इस राजधानी स्पेशल में प्रथम वातानुकूलित श्रेणी का एक, द्वितीय वातानुकूलित श्रेणी के दो, तृतीय वातानुकूलित श्रेणी के 16 कोच होंगे। बताया कि स्पेशल ट्रेन सात नवंबर को दिल्ली से 19.10 बजे खुलकर कानपुर सेंट्रल, प्रयागराज और 04.02 बजे पं. दीनदयाल उपाध्याय जं. रूकते हुए भोर में 06.50 बजे दानापुर पहुंचेगी। वहीं वापसी में यह ट्रेन छह नवंबर और आठ नवंबर को दानापुर से सुबह 09.00 बजे खुलकर पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन., प्रयागराज एवं कानपुर सेंट्रल रुकते हुए नई दिल्ली पहुंचेगी।