धीना। थाना क्षेत्र के इमिलिया गांव में पिता की डांट से नाराज होकर पुत्र ने बृहस्पतिवार की देर रात ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर लिया। शुक्रवार की सुबह युवक के शव की शिनाख्त हुई। इसके बाद पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजी। पता चला युवक मोबाइल में गेम खेल रहा था, इस दौरान उसके पिता ने उसे डांटा था। पटना पीडीडीयू रेल रूट पर डैना गांव के समीप बृहस्पतिवार की रात युवक का शव रेलवे ट्रैक पर मिलने से सनसनी फैल गई। धीना स्टेशन के स्टेशन प्रभारी न इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस शव के शिनाख्त कराने में जुटी। लेकिन सफलता नहीं मिली, बाद में पुलिस शव को थाने लाई। इसबीच सोशल मीडिया पर मृत युवक के शव की वायरल हुई फोटो से शव की शिनाख्त कुतुबुद्दीन (20) के रुप में हुई। मृत युवक धीना थाना क्षेत्र के इमिलिया गांव निवासी इस्माइल का पुत्र था। शव की शिनाख्त कर इस्माइल ने पुलिस को बताया कि उसने मोबाइल पर गेम खलने पर पुत्र को डांटा था। इसके चलते उसने यह कदम उठाया। थानाध्यक्ष अतुल कुमार ने बताया कि पिता के द्वारा शव का शिनाख्त करने और घटनाक्रम बताने से स्पष्ट हो गया कि युवक ने आत्महत्या किया है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।