चकिया। एक माह तक नहर चलने के बाद भी चंद्रप्रभा प्रखंड के करेमुआं माइनर, मवैया माइनर और सिकठिया माइनर में टेल तक पानी नहीं पहुंचा है। इससे किसानों को धान की रोपाई में देरी हो रही है। इस स्थिति से किसान परेशान हैं। भारतीय किसान यूनियन ने इसके विरोध में आंदोलन की चेतावनी दी है। भारतीय किसान यूनियन के तहसील अध्यक्ष वीरेंद्र पाल ने बताया कि चंद्रप्रभा प्रखंड के पंचम उपखंड में स्थित करेमुआं माइनर, सिकठिया माइनर एवं मवैया माइनर में अब तक टेल पर पानी नहीं पहुंचा है। इससे किसानों को धान की रोपाई में दिक्कत हो रही है। उन्होंने बताया कि तीनों माइनर सफाई के अभाव में पूरी तरह पट चुकी है। इसके कारण टेल पर पानी नहीं उपलब्ध हो रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों ने कई बार सहायक अभियंता अपराजिता सिंह, अवर अभियंता और जिलेदार को पानी न मिलने की सूचना दी है। अब तक किसी अधिकारी ने नहर पर जाने की जहमत नहीं उठाई है। इससे किसानो में रोष है। किसान शिवलोचन, शशिकांत मौर्या, राजकुमार मौर्य, संजीव, मोहन कुशवाहा, मुन्ना पटेल, अमरनाथ सिंह और देशराज सिंह ने चेतावनी दी है कि यदि तीन दिन के अंदर माइनरों के टेल तक पानी नहीं पहुंचा तो किसान अधिकारियों का घेराव करेंगे।