नियामताबाद के कोटवा माइनर की सफाई करते किसान। संवाद
- फोटो : CHANDAULI
नियामताबाद। मानसून की बेरुखी से जहां बारिश नहीं हो रही है वहीं सिंचाई विभाग भी लापरवाही से टेल के खेतों तक नहरों का पानी नहीं पहुंच पा रहा है। इससे किसान धान की सिंचाई को लेकर परेशान हैं। कई बार शिकायत के बाद भी सिंचाई विभाग ने कोटवा माइनर की सफाई नहीं कराई तो नाराज किसानों ने अधिकारियों को आइना दिखाते हुए रविवार को खुद माइनर की सफाई कर डाली।
किसानों का कहना था कि धान रोपाई का कार्य चल रहा है। बावजूद इसके टेल के खेतों तक पानी नहीं पहुंचने से सिंचाई की समस्या उत्पन्न हो गई है। सिंचाई विभाग की ओर से दिसंबर में माइनर कीसफाई का कार्य शुरू कराया गया लेकिन आधी अधूरी सफाई हुई। इसकी शिकायत किसानों ने अधिकारियों व क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों से की पर किसी ने उनकी समस्या नहीं सुनी। इससे परेशान किसान स्वयं माइनर की सफाई में लग गए हैं। किसानों का कहना है कि उन्हें जरूरत के समय कभी भी पानी नहीं मिल पाता जिससे परेशानी होती है। माइनर की सफाई करने वाले किसानों में रामप्यारे, प्रदीप, घूरेलाल, रविंद्र कुमार बिंद,वीरेंद्र, बाबूनंदन बिंद रहे।