कंदवा। क्षेत्र के गांवों के लिए मात्र एक क्रय केंद्र संचालित होने के चलते किसान बिचौलियों को गेंहूं बेचने के लिए परेशान हैं। औने पौने दाम पर बिचौलियों को गेहूं बेचने को विवश क्षेत्रीय किसानों व किसान युवा विकास मंच के सदस्यों ने शुक्रवार को नवनिर्वाचित जिला पंचायत सदस्य के प्रतिनिधि इंदल सिंह बाबा से मुलाकात कर कंदवा, असना व घोसवा में जल्द से जल्द क्रय केंद्र संचालित कराये जाने की मांग की। कंदवा थाना क्षेत्र में अमड़ा में एक क्रय केंद्र खोला गया है। जबकि इसके पहले कंदवा, असना, घोसवा और बरहनी में क्रय केंद्र खोले गए थे लेकिन इस बार घोसवा, बरहनी, असना, कंदवा में क्रय केंद्र न खोले जाने से किसान गेंहूं बेचने के लिए परेशान हैं और क्रय केंद्र के अभाव में बिचौलिया कम मूल्य पर गेहूं बेंचने को विवश हैं। अभी भी कुछ ऐसे किसान हैं जो खेत खलिहान में ही गेहूं रखकर क्रय केंद्र खुलने का इंतजार कर रहे हैं। गेहूं बेंचने के लिए मारे-मारे फिर रहे हैं। किसानों नागेंद्र सिंह मंटू, अरुण सिंह, हरेंद्र, अजय सिंह आदि ने शुक्रवार की दोपहर नवनिर्वाचित जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि से क्रय केंद्र खुलवाए जाने की गुहार लगाते हुए शासन प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया है।