शकारगंज। स्थानीय किसान सेवा सहकारी समिति पर खाद की किल्लत तथा वितरण की खराब व्यवस्था को लेकर सोमवार को क्षेत्र के किसानों ने हंगामा मचाया तथा नारेबाजी की। शिकारगंज किसान सेवा सहकारी समिति पर पिछले दिनों शनिवार को जिला गोदाम से एक ट्रक में 200 बोरी यूरिया शिकारगंज समिति के लिए दी गई थी। जैसे ही सोमवार को समिति का गेट खुला क्षेत्र के किसानों की भीड़ एकत्र हो गई। किसानों की भीड़ ज्यादा और खाद की बोरी कम होने पर समिति पर तैनात कर्मचारियों की बेचैनी बढ़ गई। समिति के लोगों के बुलाने पर भी पुलिस किसानों की भीड़ को देखकर वहां नहीं पहुंची। समिति पर तैनात सचिव उदय नारायण सिंह ने कहा कि एक-दो दिन में और खाद आ जाएगी तब किसानों में वितरित किया जाएगा। यह बात सुनकर उत्तेजित दर्जनों किसानों ने समिति पर हंगामा करना शुरू कर दिया। हंगामे की बात सुनकर मौके पर पहुंचे समिति के अध्यक्ष अमरनाथ यादव ने किसानों को समझा-बुझाकर मामला को शांत कराया। हंगामा करने वालों में जय नाथ सिंह, ओम शंकर चौहान, कमलेश यादव, गणेश मौर्य, उदयनाथ यादव, कन्हैया राम, चंद्रशेखर सिंह, आजाद यादव, जगरूप मौर्य, कमला यादव, रामभरत, कल्लू यादव रहे।