पीडीडीयू नगर। भारतीय किसान संघ के पूर्व जिलाध्यक्ष और वर्तमान में संघ के प्रांतीय कार्यकारिणी के सदस्य अमरनाथ सिंह ने जिलाधिकारी संजीव सिंह को पत्र लिखकर चंदौली को सूखाग्रस्त घोषित करने की मांग की है। रजिस्टर्ड डाक से भेजे गए पत्र में किसान नेता ने डीएम से बिजली संबंधि समस्याओं से भी अवगत कराया है।
धान का कटोरा कहे जाने वाले चंदौली में इस वर्ष काफी कम बारिश हुई है। जिसके कारण खेती भी कम हुई है। किसान काफी समय से जिले को सूखाग्रस्त घोषित करने की मांग कर रहे हैं। सैयदराजा विधायक सुशील सिंह ने भी प्रदेश के कृषि मंत्री के सामने मंच पर इसकी मांग की थी अब चकिया विकासखंड के गढ़वा उत्तरी गांव के निवासी और भारतीय किसान संघ के प्रांतीय कार्यकारिणी के सदस्य अमरनाथ सिंह ने जिलाधिकारी संजीव सिंह को पत्र लिखकर चंदौली को सूखाग्रस्त घोषित करने की मांग की है। रजिस्टर्ड डाक से भेजे अपने पत्र में किसान नेता ने लिखा है कि किसानों ने अब तक जो धान की रोपाई की है वह अपने निजी साधनों से ही किया है।चंद्रप्रभा डिवीजन की सभी नहरें सूखी पड़ी हैं।अभी धान की फसल को दो माह तक और पानी की आवश्यकता है।लेकिन पानी नहीं है वहीं जागेश्वरनाथ विद्युत उपकेंद्र से भले ही चार फीडर जुड़े हैं पर किसी में तीन घंटे से ज्यादा बिजली नहीं रहती।ट्रांसफार्मर की क्षमता काफी कम है जो लोड संभाल नहीं बा रहा है। क्षमता बढ़ाकर ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की जा चुकी है पर अधिकारी नहीं सुन रहे हैं। किसान बिजली के अभाव में सिंचाई नहीं कर पा रहे हैं।