चंदौली। अलीनगर थाना कके धनिका गांव से गायब किशोरी की मौत के बाद बुधवार की रात पोस्टमार्टम पर माहौल हंगामेदार रहा। परिजन किशोरी को गायब करने के आरोपियों पर हत्या की धारा बढ़ाने की मांग करते हुए शव लेने से इन्कार कर दिया। बाद में पुलिस अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने समझा बुझाकर परिजनों को शांत कराया।
अलीनगर थाना के धनिका गांव निवासी आठवीं की छात्रा श्रेया तिवारी सोमवार की भोर में घर से गायब हो गई थी। किशोरी के पिता दिलीप ने अलीनगर थाने में पहुंच कर अज्ञात लोगों पर किशोरी के अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया। इसके आधार पर पुलिस मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू की। इस बीच किशोरी का शव बलुआ थाना बेलवानी गांव के नहर में मिला। किशोरी के शव को पुलिस ने मोर्चरी में रखवा दिया। वहीं शक होने पर पुलिस ने किशोरी के परिवार वालों को बुलाया। जिला अस्पताल में किशोरी के परिवार वालों ने पहचान की। जांच में पता चला कि किशोरी सोमवार की भोर में तीन बजे सराय पकवान निवासी राहुल कुमार के साथ निकल कर पैदल तारापुर पहुंचे और यहां से राहुल अपने मौसा के घर बबुरी पहुंचे।
इसके बाद पुलिस ने राहुल सहित पिता सुरेंद्र व मौसा को हिरासत में लेकर पूछताछ में जुट गई। पूछताछ के आधार पर पता चला कि मौसा के घर पहुंचने के बाद मौसा दोनों को साथ लेकर भुपौली पुलिस चौकी से आगे श्रेया को घर जाने की बात कह कर छोड़ दिया। 100 मीटर आगे जाने के बाद श्रेया एक ऑटो रिक्शा में सवार होकर चली गई। पहचान होने के बाद बुधवार की शाम किशोरी का पोस्टमार्टम किया गया। इस बीच पोस्टमार्टम बिना महिला चिकित्सक के कराए जाने को लेकर परिजन हंगामा पर करने लगे। परिजनों के हंगामा के बीच पहुंचे मुख्य चिकित्साधिकारी डा वाईके राय के निर्देश पर पीएम के लिए महिला चिकित्सक की तैनाती के बाद मामला शांत हुआ। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिजनों ने किशोरी का शव लेने से इन्कार कर दिया।
अबकी बार परिजन दर्ज मुकदमों में हत्या की धारा बढ़ाने जाने की मांग पुलिस से करने लगे और शव को छोड़कर परिसर में दूसरी तरफ जाकर खड़े हो गए। यह देख वहां मौजूद बलुआ व अलीनगर थाने की पुलिस परिजनों को काफी देर तक समझाया। भरोसा दिया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद व विवेचना के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके अनुरूप पुलिस धाराओं में वृद्धि कर कानूनी कार्यवाही को आगे बढ़ाएगी। इसके बाद भाजपा नेता सूर्यमुनी तिवारी की समझाने-बुझाने के बाद मामला शांत हुआ और परिजन किशोरी के शव का अंतिम संस्कार करने के लिए तैयार हुए। इस संबंध में अलीनगर थानाध्याक्ष शेषधर पांडेय ने कहा कि मामले में विवेचना की जा रही है। जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।