चकिया। तहसील में स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी प्राप्त करने के लिए ज्वाइंट मजिस्ट्रेट व एसडीएम प्रेम प्रकाश मीणा ने बृहस्पतिवार को स्थानीय पीएचसी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित एएनएम नेहा सिंह अनुपस्थित मिलीं लेकिन उपस्थिति पंजिका पर उनका फर्जी हस्ताक्षर था। यह देखकर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने कार्रवाई करने का निर्देश दिया। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट प्रेम प्रकाश मीणा स्वास्थ्य व्यवस्था का हाल जानने सुबह साढ़े नौ बजे स्थानीय पीएचसी पहुंच गए। उनके अचानक पहुंचने पर विभाग के चिकित्सकों व कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। एसडीएम ने निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्र परिसर की साफ-सफाई खराब पाए जाने पर नाराजगी जाहिर की। बायोमेडिकल कचरे के निस्तारण की समुचित व्यवस्था नहीं होने पर प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. सुजीत सिंह से जानकारी लेते हुए शीघ्र निस्तारण की समुचित व्यवस्था कराए जाने का निर्देश दिया। वहीं कर्मचारियों के उपस्थित पंजिका का निरीक्षण के दौरान महिला चिकित्सक डा. अंशुल सिंह, डा. चंदा पटेल, ब्लॉक एकाउंट मैनेजर विजय कुमार मौर्य, एएनएम गायत्री पांडेय व नेहा सिंह अनुपस्थित मिलीं। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने बताया कि ड्यूटी से गायब मिले कर्मचारियों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।