पीडीडीयू नगर। मुंबई जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पूर्व मध्य रेलवे ने सितंबर माह से चल रही पांच जोड़ी त्योहारी विशेष ट्रेनों के संचालन की अवधि को बढ़ा दिया। बांद्रा पटना, गांधीधाम स्पेशल सहित अन्य ट्रेनों का संचालन से यात्रियों को सुविधा होगी। पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए त्योहार स्पेेशल ट्रेनों के परिचालन अवधि को अगले आदेेश तक बढ़ा दिया गया है। इसके तहत अप बांद्रा टर्मिनस पटना साप्ताहिक छह से और डाउन में आठ सितंबर से चलेगी। इसी तरह साप्ताहिक अप बांद्रा सहरसा पांच से जबकि डाउन में सात से, सप्ताह में दो दिन चलने वाली इंदौर भागलपुर एक्सप्रेस अप में एक से और डाउन में तीन सितंबर से चलेगी। वहीं साप्ताहिक इंदौर पटना अप में चार से और डाउन में छह से, साप्ताहिक गांधीधाम भागलपुर अप में तीन से और डाउन में छह सितंबर से अगले आदेश तक चलेगी।