चंदौली। जिलाधिकारी ईशा दुहन की अध्यक्षता में शुक्रवार की देर शाम विभिन्न योजनाओं की समीक्षा बैठक हुई। डीएम ने बैठक में अनुपस्थित रहने और बिना सूचना के जिले से बाहर जाने पर मत्स्य अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी और जिला कृषि अधिकारी से स्पष्टीकरण मांगा।
डीएम ईशा दुहन ने शासन की प्राथमिकताओं और विकास कार्यक्रमों के 37 बिंदुओं की समीक्षा की। साथ ही सीडीओ को योजनाओं को पूरा करने में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को प्रतिकूल प्रविष्टि जारी करने के निर्देश दिए। कहा कि योजनाओं का क्रियान्वयन समय से पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाए। सरकार द्वारा चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र को मिले। कहा कि अपात्र व्यक्ति को आवास मिलने और जांच में दोषी पाए जाने वाले अधिकारी पर कार्रवाई कर रिकवरी भी की जायेगी।
ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत लक्ष्य के सापेक्ष स्वयं सहायता समूहों का गठन सुनिश्चित हो। जिला पूर्ति अधिकारी को कहा कि सस्ते गल्ले की निलंबित या निरस्त दुकानों का आवंटन सुनिश्चित करें। कहा 90 दिन कार्य पूरा कर लेने वाले श्रमिको का श्रम विभाग के पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करें। बैठक में सीडीओ अजीतेंद्र नारायण, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. वाईके राय रहे।
चंदौली। डीएम ने बैठक में एक्सईन विद्युत को निर्देशित करते हुए कहा कि बिजली की आपूर्ति रोस्टर के हिसाब से संचालित रहे। ट्रांसफार्मर खराब होने पर 48 घंटे के अंदर हर हाल में बदल दिए जाएं और बकाया बिल की वसूली भी जल्दी करा लें। किसी भी अधिकारी का मोबाइल बंद न रहे। प्रत्येक समाधान दिवस पर विद्युत विभाग कैंप लगा कर प्राप्त शिकायतों का मौके पर निस्तारण करे।