चंदौली। गर्मी के मौसम को देखते हुए जिले में पेयजल की मुकम्मल व्यवस्था होनी चाहिए। गौशालाओं में पशुओं के चारा-पानी आदि का आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किया जाए। यह निर्देश मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक में डीएम संजीव सिंह ने दिए। डीएम ने जिले में खराब हैंडपंपों की स्थिति पर चिंता जताई और तत्काल खराब हैंडपंपों की मरम्मत और रिबोर कराने का निर्देश जिला पंचायत राज अधिकारी को दिया। उन्होंने ऐसे हैंडपंपों की रिपोर्ट प्रतिदिन देने का निर्देश दिया। उन्होंने पेयजल की समस्या से निपटने के लिए आवश्यकता अनुसार पानी के टैंकरों की व्यवस्था करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में पेयजल की समस्या का निस्तारण के लिए जिला स्तर एवं एवं विकास खंडों में तत्काल कंट्रोल रूम स्थापित किया जाए। अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जिले के सभी पशु आश्रय केंद्रों में गर्मी के मौसम को देखते हुए धूप और लू से बचाव के लिए शेड व छाया के साथ ही उनके लिए चारा-पानी की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित होनी चाहिए। गौशालाओं के आस पास जमीन चिन्हित कर पशुओं के लिए हरे चारे की बुआई कराएं। तालाबों पर अतिक्रमण की शिकायत बीडीओ को निर्देश देत हुए कहा कि प्रत्येक ग्राम पंचायतों में ऐसे तालाबों को चिह्नित कर लिया जाए जिन पर खेती की जा रही है। उनको अतिक्रमण मुक्त कराते हुए मनरेगा के तहत उनकी खुदाई कराई जाए। ऐसे तालाबों के मेढ़ों पर पौधरोपण के भी कार्य कराए जाएंगे। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अजितेंद्र नारायण सहित अन्य अधिकारी रहे।