कंदवा। सैयदराजा-जमानिया राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित अमड़ा बाजार में पानी निकासी के लिए बने नाले पर कब्जा कर लिए जाने से सड़क के किनारे जलभराव की स्थिति बन गई है। यह जलभराव सड़क के किनारे बने घरों में रहने वालों के साथ दुकानदारों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। दुकानदारों ने जिला प्रशासन से पानी निकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है। सड़क के आसपास निकासी के लिए बने नाले पर अतिक्रमण कर लिया है। इससे उनके घरों व दुकानों के पास जलभराव हो रहा है। यह उनके लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। कहा कि पहले नाले का गंदा पानी समीप के नहर में गिर जाता था लेकिन अतिक्रमण कर लिए जाने से सड़क की उत्तरी पटरी पर पानी जगह-जगह रुका हुआ है। इस गंदे पानी से दुर्गंध आती रहती है और लोगों का घरों व दुकानों में बैठना दूभर हो गया है। दुकानदार मृत्युंजय चौरसिया, केदार जायसवाल, जागेश्वर जायसवाल, संजय जायसवाल, दुलारे सोनकर, बद्री जायसवाल, दुलारचंद यादव आदि का कहना है कि कई बार अधिकारियों से पानी निकासी की व्यवस्था कराने व अतिक्रमण हटवाने की मांग की गई लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।