पीडीडीयू नगर। रामनगर औद्योगिक क्षेत्र में बिजली की किल्लत पूरी तरह दूर होगी। फेज-1 में लोड बढ़ाने और नए कनेक्शन देने की क्षमता विकसित कर ली गई है। यह जानकारी रविवार को रामनगर औद्योगिक एसोसिएशन की बैठक में बिजली विभाग के मुख्य अभियंता ने दी।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों और मुख्य अभियंता एपी शुक्ला और अधीक्षण अभियंता ओमप्रकाश के साथ सुंदरपुर स्थित ओंकार भवन में हुई बैठक में अभियंताओं ने कहा कि पहले जो फेज-1 में उपकेद्र की क्षमता की कमी के चलते उद्यमियों को नए कनेक्शन नहीं दिए जा रहे थे। लोड भी बढ़ाना संभव नहीं था। अब समस्या का समाधान कर लिया गया है। सभी फीडरों में लोड बराबर बांट दिया गया है। इससे अब फेज एक में नए कनेक्शन देना और लोड को बढ़ाना संभव हो जाएगा।
उन्होंने कहा कि फेज एक के बाहर के उद्यमियों के लिए नया उपकेंद्र बनाया जाएगा। फेज-दो के लिए 10 एमवीए की क्षमता के अतिरिक्त ट्रांसफार्मर के लिए टेंडर की प्रक्रिया चल रही है। एक महीने के अंदर फेज दो में 10 एमवीए का नया ट्रांसफार्मर लग जाएगा। उसके बाद बिजली की समस्या का समाधान हो जाएगी। जिन उद्यमियों को नए कनेक्शन लेने हों या भार बढ़ाना हो वे आवेदन कर सकते हैं। इससे उनको लाइन बनाने में दिक्कत नहीं होगी।
उधमी करुण पांडेय ने 600 केवीए, अभिषेक बंसल ने 150 केवीए व राकेश जायसवाल ने 152 केवीए भार बढ़ाने की मांग की। पड़ाव के उद्यमियों ने बिजली की कटौती व ट्रिपिंग की समस्या से अवगत कराया। फेज-दो के उद्यमियों ने बिजली के तार को ऊपर करने की मांग की। बैठक की अध्यक्षता अध्यक्ष देव भट्टाचार्य ने की। चंद्रेश्वर जायसवाल, विनम्र अग्रवाल, सौरभ शाह, प्रेम प्रकाश कपूर, सतीश गुप्ता, शिवपूजन जायसवाल, अमित गुप्ता, ओमप्रकाश जायसवाल, परेश सिंह, सुमित लड्ढा, राम सागर, अभिषेक बंसल, राजदीप थापर, जसपाल सिंह, अरुण राय, अर्जुन सिंह आदि उपस्थित रहे।