टांडाकला। स्थानीय ग्राम सभा में बुधवार को शाम छह बिजली के तार जल जाने से करीब 250 घरों की आपूर्ति ठप हो गई। लोगों ने मच्छरों और गर्मी के बीच आंखों में रात बिताई। बृहस्पतिवार को शाम चार बजे मौके पर बिजलीकर्मी पहुंचे और तार की मरम्मत करने में जुटे रहे। टांडाकला गांव और बाजार में जर्जर तार को हटाकर नई केबल लगाई गई है लेकिन आये दिन गर्म होकर तार जल जा रही है। क्षेत्र में बुधवार की शाम ट्रांसफार्मर के पास लगी तार गर्म होकर जल गई। ग्रामीणों ने सूचना देकर बिजली आपूर्ति बंद करवाई। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार फोन करने के बाद भी बिजली कर्मी नहीं आए और पूरी रात मच्छरों के प्रकोप के बीच बितानी पड़ी। ग्रामीणों ने कहा कि खराब क्वालिटी की तार लगाई गई है, जिससे यह समस्या आ रही है। वहीं ग्रामीणों ने कहा कि 100 केवीए के लगे ट्रांसफार्मर से लोड अधिक होने के कारण भी तार लोड नहीं ले पा रही है। जबकि पास में रखे 250 केवीए के ट्रांसफार्मर से अभी तक कनेक्शन नहीं जोड़ा गया है। वहीं 21 घंटे बाद बृहस्पतिवार को शाम चार बजे पहुंचे बिजलीकर्मी तार जोड़ने में लगे रहे। वहीं क्षेत्र के रहने वाले ऋषि मिश्रा, घनश्याम पांडेय, संजय विश्वकर्मा, सतीश मौर्य, संजय सिंह, पिंकू पाण्डेय, नीरज मिश्रा, पूच्चू खा, गोलू सिंह, संतोष सिंह ने जिला अधिकारी से उच्च क्वालिटी की तार लगाने की मांग की है।